बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीलवरा कला में एक 18 वर्षीय युवक का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीलवरा कला निवासी अमन शर्मा (18) पुत्र रामलखन शर्मा बुधवार दोपहर अपनी मां से कुछ पैसों की मांग कर रहा था। परिजनों के मुताबिक मां ने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए उसे अपने पिता से पैसे मांगने के लिए कहा। इस बात से अमन नाराज हो गया और गुस्से में अपना मोबाइल फोन फेंक दिया।
इसके बाद वह घर के पास स्थित बोर वाले कमरे की ओर चला गया। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और वे उसे देखने पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्थिति गंभीर लगने पर पास में रहने वाले बंटी शर्मा छत के रास्ते कमरे के अंदर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। अमन कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।