करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11 पेटी अवैध शराब और स्विफ्ट डिजायर कार जब्त, तस्कर फरार

Nikk Pandit
0
झांसी से शिवपुरी लाई जा रही थी शराब, पुलिस को देखकर कार छोड़कर भागा आरोपी

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 पेटी देशी प्लेन शराब से भरी एक स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त किया है। पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा, अवैध हथियार, अवैध खनन और अवैध शराब के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति झांसी से शिवपुरी की ओर कार में अवैध शराब लेकर आ रहा है।

सूचना मिलते ही करैरा थाना पुलिस ने टीला रोड तिराहे पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान झांसी की ओर से आती मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक UP 15 DD 4002 दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने कार को तेज गति से गलत दिशा में दौड़ाते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। भागते-भागते आरोपी आईटीवी की बाउंड्री के पीछे स्थित कलोथरा के पथरीले क्षेत्र में पहुंच गया, जहां कार एक पत्थर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। आगे रास्ता बंद होने पर चालक कार को मौके पर छोड़कर चाबी लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिग्गी में 11 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर रखे हुए थे। कुल 550 क्वार्टर (99 बल्क लीटर) देशी शराब की कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने शराब के साथ करीब 6 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली है। जांच में वाहन का पंजीयन हृदेश राजपूत निवासी रक्सा, झांसी के नाम पर पाया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 415/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक राजकुमार चाहर, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह तथा आरक्षक हरेन्द्र गुर्जर, मत्सयेन्द्र गुर्जर और शिवम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)