बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला जेल शिवपुरी में आयोजित सात दिवसीय राज्यव्यापी योग एवं कल्याण अभियान का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में यह अभियान जिले की सभी जेलों में संचालित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के निर्देशन में शिवपुरी जिला जेल में सात दिनों तक योग एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन कार्यक्रम में प्रभारी जेल अधीक्षक श्री रामशिरोमणी पाण्डे, सहायक अधीक्षक श्री उपेन्द्र मिश्रा, जेल अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिला बंदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में डॉ. मोनिका मंगल एवं उनकी चिकित्सा टीम ने महिला बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए तथा जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
उल्लेखनीय है कि राज्यव्यापी योग अभियान की शुरुआत 15 जून को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश द्वारा सेंट्रल जेल जबलपुर से वर्चुअल माध्यम से की गई थी। अभियान के तहत जिले की समस्त जेलों में निरुद्ध बंदियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिदिन योगाभ्यास किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाना, तनाव और अवसाद को कम करना तथा उन्हें योग के प्रति जागरूक बनाना था। सात दिनों तक नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
समापन अवसर पर सभी बंदियों को फल वितरित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जेल प्रशासन, चिकित्सा टीम और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।