रन्नौद पुलिस की बड़ी सफलता: झांसी से सुरक्षित दस्तयाब हुई 13 वर्षीय अपहृत बालिका

Nikk Pandit
0
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार को मिली राहत, नाबालिग बालिका सकुशल परिजनों को सौंपी गई

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिग बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रन्नौद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रन्नौद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 94/26 में अपहृत 13 वर्षीय नाबालिग बालिका को मोठ, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) से सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उनके निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस श्री संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना रन्नौद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की।

18 मई से लापता थी बालिका

जानकारी के अनुसार थाना रन्नौद में अपराध क्रमांक 94/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। 18 मई 2026 को 13 वर्ष 10 माह आयु की नाबालिग बालिका लापता हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और विभिन्न स्थानों पर लगातार तलाश अभियान चलाया।

तकनीकी साक्ष्यों एवं पुलिस टीम की मेहनत के आधार पर बालिका की लोकेशन उत्तर प्रदेश के मोठ, जिला झांसी में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और सोमवार 1 जून 2026 को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर शिवपुरी लेकर आई।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी रन्नौद अरविंद सिंह चौहान, सउनि जयनारायण, आरक्षक सिद्धनाथ, आरक्षक महेश पटेलिया, आरक्षक संजीव कुमार एवं महिला आरक्षक कृष्णा पाल की सराहनीय भूमिका रही। टीम ने लगातार प्रयास कर बालिका को सकुशल खोज निकाला और परिवार से मिलवाया।

परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

करीब दो सप्ताह से बालिका की तलाश में परेशान परिजनों के लिए यह खबर किसी राहत से कम नहीं रही। बालिका के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

शिवपुरी पुलिस का संदेश

शिवपुरी पुलिस लगातार गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी के लिए अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)