डीआईजी असित यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, सामुदायिक पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले में आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ग्वालियर श्री असित यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को पूर्णतः व्यवहारिक, तकनीक आधारित एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शिवपुरी में आयोजित यह प्रशिक्षण सत्र 1 जून से प्रारंभ होकर 6 दिनों तक चलेगा।
सामुदायिक पुलिसिंग बनेगी सफलता की कुंजी
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डीआईजी श्री असित यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने "सामुदायिक पुलिसिंग" विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ महापर्व जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, जनसहभागिता, विश्वास निर्माण तथा संवेदनशील एवं मित्रवत पुलिसिंग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने बताया कि प्रभावी सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं, साधु-संतों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विभिन्न विभागों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित किया जा सकता है, जिससे कानून व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाया जा सकेगा।
तकनीक और व्यवहारिक प्रशिक्षण पर रहेगा फोकस
अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, संवाद कौशल तथा जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संवाद, सहयोग और त्वरित सहायता की भावना ही सिंहस्थ प्रबंधन की सफलता का आधार बनेगी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले, सीएसपी शिवपुरी श्री संजय चतुर्वेदी, एसडीओपी कोलारस श्री संजय मिश्रा, रक्षित निरीक्षक श्री अनिल कवरेती, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी देहात, फिजीकल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
✨सिंहस्थ 2028 को लेकर पुलिस की बड़ी तैयारी
सिंहस्थ महापर्व में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस विभाग अभी से अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और जन-केंद्रित पुलिसिंग के लिए तैयार किया जा रहा है, जिससे सिंहस्थ 2028 का आयोजन सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।