बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के लिए खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में फिलहाल 30,971 मीट्रिक टन उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कृषि विभाग द्वारा उर्वरक वितरण एवं भंडारण की लगातार निगरानी की जा रही है। वर्तमान उपलब्धता में 9,240 मीट्रिक टन यूरिया, 1,816 मीट्रिक टन डीएपी/टीएसपी, 5,629 मीट्रिक टन एनपीके, 14,163 मीट्रिक टन एसएसपी और 123 मीट्रिक टन एमओपी शामिल है।
20 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद का वितरण
खरीफ सीजन के दौरान 1 अप्रैल 2026 से अब तक 20,144 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है। इसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी सहित विभिन्न प्रकार की खाद शामिल हैं। विभाग का दावा है कि मांग के अनुरूप लगातार खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
ई-टोकन व्यवस्था से मिली सुविधा
उर्वरक वितरण को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन व्यवस्था लागू की गई है। 1 अप्रैल से 12 जून तक 71,505 किसानों ने ई-टोकन जनरेट कर 19,515 मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त किया। वहीं सोमवार को ही 2,872 किसानों ने 1,344 मीट्रिक टन खाद का उठाव किया।
74 हजार से अधिक किसानों को मिला लाभ
खरीफ सीजन में अब तक 74,377 किसान ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद प्राप्त कर चुके हैं। इनमें डबल लॉक भंडारण केंद्र, सहकारी समितियां और निजी विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया गया है।
कृषि विभाग का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार स्टॉक की समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त उर्वरक भी उपलब्ध कराया जाएगा।