बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में मजदूरों की मेहनत की कमाई हड़पने का मामला सामने आया है। करीब 22 मजदूरों ने दो ठेकेदारों पर 3 लाख 50 हजार रुपए की मजदूरी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। शनिवार को सभी मजदूर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
मजदूरों का कहना है कि उन्होंने 11 मई से 8 जून 2026 तक शिवपुरी के संध्या लक्सूरिया विवाह स्थल के निर्माण कार्य में राजमिस्त्री और बेलदार के रूप में काम किया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी मांगने पर ठेकेदार टालमटोल करते रहे और फिर अचानक गायब हो गए।
मेहनत कराई, पैसा नहीं दिया
आवेदन में कप्तान कुशवाह, गोपाल, गोलू, छोटू, दीपू, अमित, सोनू, रामदीन, भगवान सिंह, सुघर सिंह, रामेश्वर सहित अन्य मजदूरों के नाम शामिल हैं। मजदूरों का आरोप है कि निर्माण कार्य का ठेका मुरैना जिले के बामसौली निवासी महेश कुशवाह और अरविंद सिंह जादौन के पास था।
शुरुआत में ठेकेदारों ने जल्द भुगतान का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में यह कहकर चले गए कि वे दूसरी साइट पर जा रहे हैं और जल्द ही मजदूरी का भुगतान कर देंगे।
अब दोनों के मोबाइल बंद
मजदूरों का कहना है कि इसके बाद से दोनों ठेकेदारों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। ऐसे में मजदूरों को आशंका है कि उनकी मेहनत की कमाई लेकर ठेकेदार फरार हो गए हैं।
गरीब मजदूर जाएं तो जाएं कहां?
दिहाड़ी मजदूरी करने वाले इन श्रमिकों का कहना है कि घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतें इसी मजदूरी पर निर्भर हैं। करीब एक महीने तक पसीना बहाने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस ने मजदूरों का आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि मजदूरों की मेहनत की कमाई कब तक वापस मिल पाती है और आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है।
बड़ा सवाल क्या मजदूरों की मेहनत की कमाई हड़पने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी? या फिर गरीब श्रमिक न्याय के लिए दर-दर भटकते रहेंगे?