कोलारस में 376 बोरी संदिग्ध खाद बरामद, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Nikk Pandit
0
'ऑर्गेनिक सब्स्टीट्यूट डीएपी' लिखी बोरियों से भरा ट्रक जब्त, चालक मौके से फरार

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में प्रशासन ने अवैध खाद के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मां कैला देवी कोल्ड स्टोर परिसर से खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक से 376 बोरियां खाद बरामद की गईं। प्रशासनिक टीम को देखते ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि हेल्पर को पकड़कर पूछताछ की गई। मामले में खाद की गुणवत्ता और वैधता की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसडीएम अनूप श्रीवास्तव और तहसीलदार प्रदीप भार्गव प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को देखकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। वहीं हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि खाद से भरा ट्रक झाबुआ जिले के मेघनगर से लाया गया था।

जांच के दौरान ट्रक के लगेज एरिया से 376 बोरियां खाद बरामद हुईं। अधिकारियों का अनुमान है कि ट्रक पूरी तरह भरा नहीं था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कुछ खाद पहले ही कहीं उतारी जा चुकी थी। सूचना मिलने पर खाद विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और संयुक्त जांच शुरू की गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बरामद बोरियों पर "ऑर्गेनिक सब्स्टीट्यूट डीएपी" लिखा हुआ था। अधिकारियों को संदेह है कि यह डीएपी खाद का विकल्प बताकर बेची जा रही कोई अन्य सामग्री हो सकती है, या फिर इसमें मिलावट की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। खाद के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना के आधार पर ट्रक को जब्त किया गया है। मौके पर न तो कोई व्यापारी मिला और न ही किसी व्यक्ति ने ट्रक या खाद की जिम्मेदारी ली। इसके बाद ट्रक और खाद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है तथा कोलारस थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह खाद किसके लिए लाई जा रही थी? क्या किसानों को नकली या मिलावटी खाद बेचने की तैयारी थी? और यदि ट्रक का कुछ माल पहले ही उतारा जा चुका है तो वह खाद कहां पहुंची? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेंगे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)