बड़ी चोरी: पार्षद के सूने घर से 3 क्विंटल की तिजोरी, सोना-चांदी और बाइक ले उड़े बदमाश

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में नगर परिषद के पार्षद नीतू शर्मा के सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश घर से करीब 3 क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी, सोने-चांदी के जेवर और एक पल्सर बाइक चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, पार्षद नीतू शर्मा 13 जून से परिवार सहित बाहर गए हुए थे। गुरुवार सुबह उनके चचेरे भाई हर्ष शर्मा ने घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे और कमरों की अलमारियों के ताले टूटे मिले तथा पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में रखे कीमती जेवर, नकदी सहित लगभग 3 क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी और गैलरी में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल (एमपी-33 एचबी-6543) भी अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में 5 से 6 संदिग्ध बदमाश दो बाइकों पर आते-जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि चोरी गए जेवर और अन्य सामान का सही आकलन पार्षद नीतू शर्मा के वापस लौटने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)