बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित खुड़ा बस्ती में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। 25 वर्षीय एक महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि घटना के समय उसका चार साल का मासूम बेटा उसी कमरे में मौजूद था, जो अपनी मां को इस हालत में देखकर लगातार रोता रहा। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे मकान मालिक ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।
मृतका की पहचान कविता कुशवाह (25) के रूप में हुई है। बताया गया है कि कविता तलाकशुदा थी और पिछले करीब एक वर्ष से बैराड़ थाना क्षेत्र के हरियाखेड़ी गांव निवासी बबलू कुशवाह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों संतोषी माता मंदिर के पीछे खुड़ा बस्ती में किराए के मकान में रह रहे थे। घटना के बाद से बबलू का कोई पता नहीं चल सका है और पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
रविवार को हुआ था विवाद, सोमवार सुबह मिला शव
मकान मालिक के अनुसार रविवार को कविता और बबलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि सोमवार सुबह कविता को सामान्य रूप से घर के बाहर झाड़ू लगाते हुए देखा गया था। कुछ समय बाद कमरे के अंदर से बच्चे के लगातार रोने की आवाज आने लगी। जब मकान मालिक ने दरवाजा खोलकर देखा तो कविता फंदे पर लटकी हुई थी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की मां पार्वती कुशवाह ने बबलू कुशवाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बबलू अक्सर कविता के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। परिजनों का आरोप है कि बबलू ने कविता को शादी का भरोसा दिया था, जिसके बाद ही वह उसके साथ रहने के लिए तैयार हुई थी, लेकिन बाद में वह शादी करने से बचता रहा।
आत्महत्या या प्रताड़ना? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या लगातार विवाद और मानसिक तनाव ने कविता को यह कदम उठाने पर मजबूर किया? क्या शादी का वादा टूटने और रिश्ते में बढ़ते तनाव का उस पर गहरा असर पड़ा? और घटना के बाद लिव-इन पार्टनर का अचानक गायब होना क्या संकेत देता है?
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों, परिजनों के आरोपों और फरार युवक की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।