बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में गुरुवार को श्रीकृष्ण महाविद्यालय, बदरवास में युवा संगम कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से जुड़े विभिन्न विभागों और निजी कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
जिला रोजगार अधिकारी बी.एस. मीना ने बताया कि कार्यक्रम में निजी क्षेत्र की 8 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 264 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 159 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
20 स्वरोजगारियों को मिला 2.55 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ
कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना तथा टांटिया मामा आर्थिक कल्याण स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 20 हितग्राहियों को इस माह 2 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की राशि का ऑनलाइन हितलाभ वितरित किया गया।
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर श्रीकृष्ण महाविद्यालय बदरवास के प्राचार्य मनोज कुमार रमन, प्रोफेसर ओम प्रकाश विमल, आईटीआई बदरवास के प्राचार्य संजीव कोठे, प्रशिक्षण अधिकारी मनोज कुशवाह, उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विवेक कौशल, लीड बैंक के धर्मेंद्र जाटव, रोजगार कार्यालय एवं आईटीआई के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।