यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर लाखों की चोरी: तार फेंसिंग काटकर घुसे बदमाश, नगदी-जेवरात सहित रेडबुल की पेटी भी ले गए

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहानी ख्यावदा गांव में शुक्रवार देर रात चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर की बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग काटकर परिसर में दाखिल हुए और लाखों रुपए की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देर रात चोर योजनाबद्ध तरीके से रचना गुर्जर के घर पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले घर की सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बनाया और परिसर में प्रवेश करने के लिए बाउंड्री की तार फेंसिंग काट दी। इसके बाद उन्होंने रचना गुर्जर और उनके पति ऊदल सिंह गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि घर के लोग बाहर न निकल सकें और चोरी का विरोध न कर सकें।

बताया जा रहा है कि चोर काफी शातिर थे। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख भी ऊपर की ओर मोड़ दिया, जिससे उनकी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकीं। इसके बाद बदमाशों ने घर के विभिन्न कमरों में रखी अलमारियों और तालों को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

रचना गुर्जर के अनुसार, चोर घर से 1 लाख 91 हजार रुपए नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, चांदी की करधौनी सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। इतना ही नहीं, बदमाश लगभग 8 हजार रुपए कीमत की रेडबुल एनर्जी ड्रिंक की एक पेटी भी अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपए है।

रचना गुर्जर ने बताया कि उन्हें चोरी की जानकारी शनिवार तड़के करीब 4 बजे लगी, जब वह पानी पीने के लिए उठीं। उस समय उन्होंने पाया कि उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन से परिवार के अन्य सदस्यों और अपने जेठ को सूचना दी। दरवाजा खुलवाने के बाद जब वह घर के अन्य हिस्सों में पहुंचीं तो कई ताले टूटे हुए मिले और अलमारियों से नगदी व जेवरात गायब थे।

घटना की सूचना तत्काल मगरौनी चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।

यूट्यूबर रचना गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक चोरों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वह इस मामले को लेकर लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाती रहेंगी और वीडियो बनाकर लोगों को जानकारी देती रहेंगी।

गौरतलब है कि रचना गुर्जर सोशल मीडिया पर अपने आलीशान जीवनशैली से जुड़े वीडियो के कारण काफी लोकप्रिय हैं। वह अपने घर की भव्य सजावट, सोने-चांदी के आभूषणों और गांव में रहते हुए बेहतर लाइफस्टाइल को लेकर नियमित रूप से वीडियो साझा करती हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी और वीडियो देखकर ही उनके घर को निशाना बनाया हो, हालांकि इस पहलू की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चोरों ने पहले से रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया था? क्या सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली आलीशान जिंदगी चोरों के लिए सुराग बन गई? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)