करैरा और नरवर क्षेत्र के कई गांवों को मिली विकास की सौगात, सड़क, पुलिया, चेकडेम और नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने रविवार को करैरा एवं नरवर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुलिया, नाली और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बांसगढ़ और बनगवां को मिली नई सौगात
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने ग्राम पंचायत बांसगढ़ में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया। इसके बाद बनगवां गांव में 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिया निर्माण कार्य का लोकार्पण कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी।
वहीं खैराघाट में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई गई।
नरवर क्षेत्र में चेकडेम और सड़कों का होगा निर्माण
ग्राम बहगवां में 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चेक डेम एवं 7.38 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम हतेड़ा में नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा ग्राम गधाई (रामनगर) में विभिन्न स्थानों पर रपटा सह पुलिया निर्माण एवं 13.38 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सांसद भारत सिंह कुशवाह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विकास कार्यों में जनसहभागिता को भी आवश्यक बताया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण भी किया गया। सांसद ने क्षेत्रवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में करई मंडल अध्यक्ष रामेश्वर रावत, नरवर मंडल अध्यक्ष इमरत कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष शालिग्राम कुशवाह, जिला पंचायत सदस्य अंशुमन रावत, पी.पी. नरवरिया, वासुदेव शर्मा, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
🌳 विकास और पर्यावरण संरक्षण के दोहरे संदेश के साथ सांसद भारत सिंह कुशवाह का यह दौरा ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना रहा।