सर्किट हाउस रोड की नालियों का निरीक्षण, वर्षाकाल से पहले सुधार कार्य तेज

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले में आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद राजावत ने बुधवार को सर्किट हाउस रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर नालियों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियों में गाद, कचरा एवं जल निकासी संबंधी समस्याएं सामने आईं, जिनके निराकरण के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान श्री राजावत ने नगर पालिका के इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालियों का तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं निर्माण कार्य की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए अभी से प्रभावी कदम उठाना जरूरी है, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के तुरंत बाद नगर पालिका के सफाई अमले ने सर्किट हाउस रोड स्थित नालियों की सफाई शुरू कर दी। सफाई अभियान के तहत नालियों में जमा गाद, प्लास्टिक, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने का कार्य किया गया।

प्रशासन का मानना है कि समय रहते सफाई और सुधार कार्य होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या काफी हद तक नियंत्रित की जा सकेगी।

एसडीएम एवं प्रभारी सीएमओ आनंद राजावत ने अधिकारियों को शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का भी सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल से पहले नालियों की सफाई, मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। नगर पालिका शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के इंजीनियर, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएंगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)