बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में नगर पालिका परिषद शिवपुरी की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद राजावत ने नगर पालिका कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व, स्थापना, लेखा, स्वच्छता, लोक निर्माण, जल प्रदाय, जन्म-मृत्यु पंजीयन, कर शाखा सहित अन्य विभागों में संचालित कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री राजावत ने स्पष्ट कहा कि नगर पालिका में आने वाले नागरिकों के कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए सभी शाखाओं को निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निराकरण करने तथा आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, लेखा व्यवस्था, राजस्व वसूली, संपत्ति कर एवं जल कर संग्रहण की स्थिति की समीक्षा करते हुए डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए। कार्यालय की साफ-सफाई, दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण और पारदर्शी कार्यप्रणाली को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।
एसडीएम एवं प्रभारी सीएमओ आनंद राजावत ने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर में स्वच्छता अभियान, अतिक्रमण नियंत्रण, कर वसूली में सुधार, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। श्री राजावत ने संकेत दिए कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली को और अधिक जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।