पूरनखेड़ी के पास बड़ा हादसा टला, कैंटर की टक्कर से ट्रैक्टर तीन हिस्सों में टूटा

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की लुकवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत पूरनखेड़ी के पास रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। अशोकनगर से बांस भरकर जा रहे एक ट्रैक्टर को मिर्च से लदी आयशर कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में बंट गया और उस पर लदा बांस सड़क पर बिखर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

बांस से भरा ट्रैक्टर बना हादसे का शिकार

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर अशोकनगर से बांस लेकर बीरखेड़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शिवपुरी की तरफ से आ रही आयशर कैंटर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर बांस फैल गया।

वाहन छोड़कर फरार हुआ कैंटर चालक

हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सड़क से बांस हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

सिंगल लेन बना खतरे की वजह?

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरनखेड़ी के पास नव निर्मित ब्रिज का कार्य चल रहा है, जिसके चलते इस हिस्से में फिलहाल एकांकी मार्ग (सिंगल लेन) से यातायात संचालित हो रहा है। सड़क संकरी होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)