बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सिनदउआ गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे सुबह भैंस चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
भैंस चराने गए थे, फिर नहीं लौटे घर
जानकारी के अनुसार सिनदउआ गांव निवासी 11 वर्षीय अनिकेत पाल और 12 वर्षीय शिवकुमार पाल रविवार सुबह अपनी भैंस चराने के लिए गांव के बाहर स्थित तालाब की ओर गए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई।
तालाब किनारे मिले कपड़े, बढ़ी अनहोनी की आशंका
तलाश के दौरान परिजनों को तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े और अन्य सामान मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश अभियान शुरू किया गया।
तालाब से निकाले गए दोनों बच्चों के शव
काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं।
नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चे संभवतः नहाने या पानी के करीब जाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एक साथ बुझ गए दो घरों के चिराग
रविवार की सुबह जो बच्चे हंसते-खेलते घर से निकले थे, शाम तक उनकी मौत की खबर ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। दो चचेरे भाइयों की एक साथ हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
बरसात के मौसम में तालाबों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।