लुकवासा क्षेत्र में देर रात हुआ सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने ईको कार को मारी टक्कर, मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए गंभीर घायल

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शादी समारोह से लौट रहे परिवार की ईको कार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार खोड़ गांव निवासी परिवार के सदस्य गुना जिले के म्याना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस शिवपुरी लौट रहे थे। देर रात जब उनकी ईको कार दैहरदा रोड के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में विमल आदिवासी (30), अरशान खान (11), जमेदा (52), सफी खान (65), रानो खान (60) और सवाना खान (45) घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार सड़क किनारे जा गिरी और उसमें सवार लोग चीख-पुकार करने लगे। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल गंभीर घायलों का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर मारने वाला वाहन पार्सल और कोरियर सामान से भरा एक ट्रक बताया जा रहा है, जो सूरत से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। हालांकि पुलिस अभी इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।

राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम दिखाई नहीं दे रहे।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर एनएच-46 पर हादसों का सिलसिला कब थमेगा? क्या तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण होगा या फिर इसी तरह निर्दोष लोग दुर्घटनाओं का शिकार होते रहेंगे?
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)