करैरा पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा प्रहार: रेत से भरे 2 ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे दो ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जब्त वाहनों को अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग शिवपुरी को सौंप दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अवैध खनन, मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा, अवैध हथियार एवं शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

सोमवार को थाना करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि झंडा और गदाई गांव के बीच मुख्य मार्ग पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी (रेत) से भरे खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। वहां दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बॉडी से ऊपर तक ओवरलोड रेत से भरे हुए मिले, लेकिन उनके चालक मौके से फरार थे।

पुलिस ने मौके पर खड़े लाल रंग के स्वराज 855 ट्रैक्टर और नीले रंग के न्यू हॉलैंड 3630 ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर लिया। दोनों ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक रेत भरी हुई थी। विशेष रूप से न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर की ट्रॉली में अतिरिक्त लकड़ी के पटिए लगाकर रेत को और अधिक मात्रा में भरा गया था, जिससे ओवरलोडिंग साफ दिखाई दे रही थी।

चालकों की तलाश के लिए आसपास क्षेत्र में सर्चिंग की गई, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों एवं वाहन स्वामियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए पूरा प्रकरण खनिज विभाग शिवपुरी को भेज दिया।

अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर जिले में अवैध रेत का कारोबार किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है? जब पुलिस को मुख्य सड़क पर खुलेआम ओवरलोड रेत से भरे वाहन मिल रहे हैं, तो क्या इससे पहले भी इसी तरह अवैध परिवहन किया जाता रहा है? और इन वाहनों के चालक मौके से फरार कैसे हो गए?

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

🚔 जब्त वाहन
✅ स्वराज 855 ट्रैक्टर मय ट्रॉली
✅ न्यू हॉलैंड 3630 ट्रैक्टर मय ट्रॉली

👏 सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, सउनि चरण सिंह, आरक्षक सोनू श्रीवास्तव एवं आरक्षक रामअवतार गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)