स्वच्छता और अतिक्रमण हटाओ अभियान में सड़क पर उतरे एसडीएम आनंद राजावत, व्यापारियों को दी चेतावनी

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। सोमवार को कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन एवं एसडीएम तथा प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक विशेष निरीक्षण और जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान एसडीएम तथा प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आनंद सिंह राजावत नगर पालिका अमले के साथ स्वयं सड़क पर उतरे और पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों एवं ठेला संचालकों से संवाद कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की अपील की। इस दौरान सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने नियमित सफाई रखने, डस्टबिन रखने तथा कचरा नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने और प्लास्टिक मुक्त शिवपुरी बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील भी की गई।

निरीक्षण के दौरान मार्ग पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों का भी जायजा लिया गया। दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को चेतावनी दी गई कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण तत्काल हटा लें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के फॉलोअप के तहत सोमवार शाम लगभग 7:30 बजे एमएम चौराहा से अस्पताल चौराहा तक पैदल मार्च भी निकाला गया। इस दौरान नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा अतिक्रमण मुक्त बाजार की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया।

नगर पालिका प्रशासन ने जानकारी दी है कि 09 जून 2026 को सुबह 11 बजे पुनः फॉलोअप अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और जिन लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा, उनके खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम एवं प्रभारी सीएमओ श्री आनंद सिंह राजावत ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)