शिवपुरी नगर पालिका की कमान अब एसडीएम आनंद सिंह राजावत के हाथों में, संभाला प्रभारी सीएमओ का पदभार

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नगर पालिका परिषद शिवपुरी में प्रशासनिक फेरबदल के बाद सोमवार शाम एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के आदेश के अनुपालन में एसडीएम एवं जॉइंट कलेक्टर श्री आनंद सिंह राजावत ने नगर पालिका परिषद शिवपुरी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने सोमवार शाम लगभग 6 बजे नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से चार्ज संभाला।

गौरतलब है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल द्वारा जारी आदेश के तहत नगर पालिका परिषद शिवपुरी के सीएमओ श्री इशांक धाकड़ का स्थानांतरण सहायक आयुक्त, नगर निगम मुरैना के पद पर किया गया है। इसके बाद नगर पालिका के कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने नगर पालिका का अतिरिक्त प्रभार एसडीएम श्री आनंद सिंह राजावत को सौंपा है।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद श्री राजावत ने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, राजस्व वसूली तथा चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।

श्री राजावत ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। शहर में सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

नगर पालिका में नए प्रभारी सीएमओ के रूप में श्री आनंद सिंह राजावत के पदभार ग्रहण करने के बाद अब शहर की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आने वाले दिनों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)