बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी पुलिस विभाग में वर्षों तक समर्पण, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए तीन पुलिस अधिकारियों को सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में आयोजित गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान को याद किया और सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र, शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए।
दिनांक 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हुए का.वा. आंकिक/सूबेदार (अ) योगेश्वरी शिवहरे, का.वा. सउनि माधो वाथम एवं का.वा. सउनि सुरेश शर्मा के सम्मान में यह विशेष विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों के परिजनों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे यह अवसर और अधिक भावुक एवं यादगार बन गया।
सेवाकाल के अनुभव किए साझा
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए और पुलिस विभाग में बिताए गए महत्वपूर्ण क्षणों को याद किया। उन्होंने नई पीढ़ी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले ने अपने संबोधन में कहा कि विभाग में इन अधिकारियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है, जिसे इन अधिकारियों ने पूरी निष्ठा के साथ निभाया।
सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदाई
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुकता और सम्मान से भरा रहा।
ये रहे उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले, रक्षित निरीक्षक श्री अनिल कवरेती, स्टेनो आशीष पटेरिया, स्टेनो आमिर कुरैशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
एक नई शुरुआत की ओर कदम
पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति भले ही एक अध्याय का समापन हो, लेकिन यह जीवन की नई यात्रा की शुरुआत भी होती है। शिवपुरी पुलिस परिवार ने अपने अनुभवी साथियों को सम्मान और शुभकामनाओं के साथ नई पारी के लिए विदा किया।