बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में फरार स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुभाषपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मातादीन गुर्जर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय ग्वालियर में पेश कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूती मिली है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिलेभर में फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी शिवपुरी श्री संजय चतुर्वेदी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था वारंटी
जानकारी के अनुसार माननीय न्यायालय ग्वालियर के प्रकरण क्रमांक 3302/25 में आरोपी मातादीन गुर्जर पुत्र प्रहलाद गुर्जर निवासी ग्राम मडेवा बारा, थाना सुभाषपुरा के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। न्यायालय द्वारा जारी वारंट की तामील के लिए आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
घर आने की सूचना मिली और पुलिस ने दबोच लिया
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि फरार वारंटी अपने गांव स्थित घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना सुभाषपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी मातादीन गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय ग्वालियर में पेश किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाषपुरा उप निरीक्षक राजीव कुमार दुबे, प्रधान आरक्षक अभय सिंह एवं आरक्षक काले खां की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते लंबे समय से फरार आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।
फरार आरोपियों को पुलिस की चेतावनी
शिवपुरी पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि न्यायालय से जारी वारंटों की अवहेलना करने वाले और कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे सभी फरार वारंटियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।