बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने सोमवार को कठमई स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम मशीनों के रखरखाव एवं भंडारण संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की निर्धारित
गाइडलाइन के अनुसार राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस का ताला खोला गया और अंदर रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा एवं रिकॉर्ड का परीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने मशीनों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण पूर्ण होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस को पुनः सीलबंद कर सुरक्षित किया गया। पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत संपन्न कराई गई।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा मशीनों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री यूनुस कुर्रेशी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।