पोहरी में जनकल्याण शिविर शुरू:मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण, हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी में मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित जनकल्याणकारी शिविरों के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से पोहरी में हुई। जनपद पंचायत एवं नगर परिषद पोहरी में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों द्वारा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।

जनपद पंचायत पोहरी परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ वितरित किए गए। इस दौरान पूर्व विधायक प्रहलाद भारती सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा नए आवेदन प्राप्त कर उनकी प्रक्रिया शुरू की गई।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जे.पी. गुप्ता ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।

विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत शिविर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, कृषि, खाद्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

पोहरी क्षेत्र में जनकल्याण शिविर 17 जून तक आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन अपनी समस्याओं का समाधान और योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)