मीट मार्केट से महल कॉलोनी तक चला महाअभियान, पिंजरे कम पड़े तो नई जाली लगाने के निर्देश
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच नगर पालिका परिषद ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री इशांक धाकड़ के निर्देशन में सोमवार को शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की गई। प्रशासन का उद्देश्य राहगीरों, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
शहर के मीट मार्केट, सुभाष चौक, पुरानी शिवपुरी, नीलगर चौराहा, बड़ा बाजार, लकी गार्डन, जवाहर कॉलोनी, महल कॉलोनी और नवाब साहब रोड सहित कई इलाकों में नगर पालिका की टीम सुबह से ही सक्रिय रही। अभियान के दौरान कई आवारा और आक्रामक कुत्तों को पकड़ा गया। हालांकि कार्रवाई के बीच पुरानी जालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ कुत्ते पकड़ में आने के बाद भाग निकले, जिससे टीम को अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ इशांक धाकड़ ने तत्काल नई मजबूत जालियों की व्यवस्था करने और सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जब तक आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा ।
बारिश से पहले नालों की सफाई भी तेज
नगर पालिका का अभियान केवल आवारा कुत्तों तक सीमित नहीं है। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए रविवार रात कमलागंज पुल के पास नाले की विशेष सफाई कराई गई। सफाई के दौरान निकले कचरे को ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजा गया ताकि बरसात के दौरान शहर में जल निकासी बाधित न हो।
रात में भी जाग रही नगर पालिका
शहर को स्वच्छता में अग्रणी बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा नाइट क्लीनिंग ड्राइव भी संचालित की जा रही है। जब अधिकांश लोग अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब नगर पालिका की स्वच्छता टीम सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाने में जुटी रहती है। इसका उद्देश्य सुबह शहरवासियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
सीएमओ की अपील
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री इशांक धाकड़ ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता और जनसुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानें तथा नगर पालिका के अभियानों में सक्रिय सहयोग करें। प्रशासन का मानना है कि जनता और नगर पालिका के संयुक्त प्रयासों से ही शिवपुरी को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।