शिवपुरी में गैस एजेंसी के हॉकर को लोगों ने पकड़कर पहुंचाया थाने, जांच की उठी मांग

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर की तारकेश्वरी कॉलोनी में घरेलू गैस सिलेंडर में कम गैस मिलने की शिकायत को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। उपभोक्ता द्वारा सिलेंडर की तौल कराने पर उसमें करीब 3 किलोग्राम गैस कम पाई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए मामले की जांच और अन्य सिलेंडरों की भी तौल कराने की मांग शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी का हॉकर उपभोक्ता कैलाश सोनी के घर सिलेंडर पहुंचाने आया था। संदेह होने पर जब सिलेंडर की तौल की गई तो निर्धारित वजन से करीब 3 किलो गैस कम निकली। यह जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया।

मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने हॉकर के वाहन में रखे अन्य सिलेंडरों की भी जांच कराने की मांग की। इसी दौरान हॉकर वाहन लेकर वहां से निकलने लगा और कथित तौर पर पार्षद विजय शर्मा की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पार्षद विजय शर्मा और मोहित सोनी ने हॉकर का पीछा किया और नीलगर चौराहे के पास वाहन को रोक लिया। इसके बाद हॉकर और वाहन को लेकर सभी लोग देहात थाना पहुंच गए, जहां कुछ समय तक माहौल गरमाया रहा।

बताया जा रहा है कि थाने पहुंचने के बाद भी हॉकर वाहन लेकर वहां से निकल गया। बाद में पुलिस ने गैस एजेंसी से संपर्क कर वाहन को दोबारा थाने बुलवाया। इस दौरान थाने में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया और वाहन को जाने दिया गया।

वहीं हॉकर का कहना है कि उसे पहले भी एक सिलेंडर को लेकर शिकायत मिली थी। वह संबंधित सिलेंडर उपभोक्ता से बदलकर वापस लाया था, लेकिन गलती से वही सिलेंडर कैलाश सोनी के यहां पहुंच गया, जिससे यह विवाद खड़ा हुआ।

अब सवाल यह है कि आखिर कम गैस वाला सिलेंडर उपभोक्ता तक कैसे पहुंचा? क्या यह केवल मानवीय भूल थी या फिर उपभोक्ताओं को कम गैस वाले सिलेंडर दिए जा रहे हैं? और यदि अन्य सिलेंडरों की भी जांच हो तो क्या कोई बड़ा खुलासा सामने आ सकता है? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही मिल पाएंगे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)