बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर नागरिकों को आधार सेवाओं का सुलभ, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार सेवाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में यूआईडीएआई के परियोजना प्रबंधक श्री निकेत दीवान ने बताया कि 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कराना अनिवार्य है। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने शिक्षा विभाग को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जुलाई-अगस्त में स्कूलों में लगेंगे विशेष शिविर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जुलाई एवं अगस्त 2026 के दौरान जिले के सभी विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण के निर्देश
बैठक में तहसील स्तर पर लंबित आधार नामांकन प्रकरणों तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
आधार ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण
बैठक के बाद यूआईडीएआई टीम द्वारा आधार ऑपरेटरों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आधार नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने, तकनीकी त्रुटियों को कम करने तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही ऑपरेटरों को नागरिकों के प्रति शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि आधार सेवाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।