बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने अस्पतालों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण हेतु जिला स्तरीय निरीक्षण दल का गठन किया है। यह दल नगरीय निकाय क्षेत्रों के साथ-साथ उनसे लगे ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित संस्थानों का निरीक्षण करेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार गठित दल का मुख्य उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित मूल्यांकन करना है।
इन प्रतिष्ठानों का होगा निरीक्षण
निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल, होटल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल, मैरिज गार्डन, रेस्टोरेंट एवं पार्किंग क्षेत्र सहित विभिन्न सार्वजनिक उपयोग वाले परिसरों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों और सुरक्षा मानकों की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
एसडीएम होंगे नोडल अधिकारी
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगरीय क्षेत्रों में संबंधित नगर पालिका या नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।
इसके अलावा संबंधित तहसीलदार, थाना प्रभारी, लोक निर्माण विभाग के उपयंत्री तथा नगर निकाय एवं जनपद पंचायत के उपयंत्री निरीक्षण दल के सदस्य रहेंगे।
फायर सेफ्टी नियमों के पालन पर रहेगा विशेष जोर
राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) के अनुसार 15 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भवन, 500 वर्ग मीटर से अधिक निर्मित क्षेत्रफल वाले भवन तथा 20 से अधिक बिस्तरों वाले अस्पताल एवं होटल फायर सेफ्टी मानकों के दायरे में आते हैं। ऐसे संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करना अनिवार्य है।
फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र पर भी रहेगी नजर
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने निरीक्षण दल को निर्देश दिए हैं कि वे संबंधित संस्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें तथा फायर सेफ्टी प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अधिभोगियों एवं व्यवसायियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।