उपार्जन और खाद वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई: सहायक समिति प्रबंधक शिवप्रताप यादव निलंबित

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में चना एवं मसूर उपार्जन कार्य तथा किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने के आरोपों के चलते बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित अटलपुर के सहायक समिति प्रबंधक शिवप्रताप सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बहुउद्देशीय सेवा सहकारी समिति मर्यादित अटलपुर के प्रशासक द्वारा यह कार्रवाई शिकायतों की समीक्षा और जांच के बाद की गई। निलंबन अवधि के दौरान शिवप्रताप सिंह यादव का मुख्यालय शाखा बदरवास निर्धारित किया गया है।

उपार्जन कार्य में मिली लापरवाही

सहकारी बैंक के प्रशासक ने बताया कि चना एवं मसूर उपार्जन कार्य के दौरान किसानों और संबंधित पक्षों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई थी। जांच में सहायक समिति प्रबंधक के कार्यों में लापरवाही सामने आई।

खाद वितरण को लेकर भी मिल रही थीं शिकायतें
बताया गया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को संस्था के माध्यम से समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया गया। इस संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर उपार्जन कार्य और खाद वितरण व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर सहायक समिति प्रबंधक शिवप्रताप सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)