बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला चिकित्सालय शिवपुरी में स्थापित ईको (ECHO) एवं टीएमटी (TMT) मशीनों के संचालन को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.पी. सिंह चौहान ने स्पष्ट किया है कि दोनों मशीनें नियमित रूप से संचालित हो रही हैं और मरीजों की जांच एवं उपचार में लगातार उपयोग की जा रही हैं।
डॉ. चौहान ने बताया कि जिला चिकित्सालय की ईको मशीन एमआईसीयू (MICU) में स्थापित है, जहां मरीजों की आवश्यकता के अनुसार बेड साइड जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ईको मशीन का संचालन मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विवेक विमल एवं डॉ. चन्द्रशेखर गुप्ता द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। इसके उपयोग से संबंधित सभी अभिलेख एमआईसीयू में विधिवत संधारित किए जा रहे हैं।
फिजियोथेरेपी यूनिट में संचालित हो रही टीएमटी मशीन
उन्होंने बताया कि टीएमटी मशीन जिला चिकित्सालय की फिजियोथेरेपी यूनिट में संचालित है और आवश्यकता अनुसार मरीजों की जांच के लिए इसका उपयोग नियमित रूप से किया जा रहा है। मशीन के संचालन के लिए एक अटेंडेंट को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
टीएमटी जांच संबंधी कार्य मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रशेखर गुप्ता एवं डॉ. विवेक विमल के निर्देशन में किया जा रहा है। साथ ही जांच से संबंधित रिकॉर्ड भी नियमित रूप से संधारित किया जा रहा है।
मरीजों को मिल रही बेहतर हृदय जांच सुविधा
सिविल सर्जन ने कहा कि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध इन आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ मरीजों को लगातार मिल रहा है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा मशीनों के संचालन और रिकॉर्ड संधारण की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।