लेज़म काटने को लेकर खूनी विवाद! फावड़े और लाठियों से हमला, तीन पर केस दर्ज

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम रामावसई में लेज़म काटने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, गांव में सड़क किनारे पड़ी लेज़म काटी जा रही थी। इसी दौरान खच्चूराम ओझा ने लेज़म काटने का कारण पूछा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर पप्पू कुशवाह और पूरन कुशवाह ने खच्चूराम ओझा के साथ लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर भरत कुशवाह ने बीच में आकर हमला कर दिया।

घायल देवेंद्र ओझा का आरोप है कि जब वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो भरत कुशवाह ने उनके सिर पर फावड़े से वार कर दिया। फावड़े का वार लगने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

खच्चूराम ओझा का कहना है कि घटना के समय भरत कुशवाह और पप्पू कुशवाह शराब के नशे में थे। उन्होंने केवल लेज़म काटने का कारण पूछा था, लेकिन आरोपियों ने इसे लेकर विवाद शुरू कर दिया और हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद वे शिकायत लेकर सिरसौद थाने पहुंचे, लेकिन तत्काल सुनवाई नहीं हुई। बाद में मेडिकल परीक्षण और उपचार के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज की।

पुलिस ने देवेंद्र ओझा और खच्चूराम ओझा की शिकायत पर भरत कुशवाह, पप्पू कुशवाह और पूरन कुशवाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। एक मामूली विवाद का हिंसक रूप लेना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गया है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)