बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में कुल्हाड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर लाठी, डंडों और तलवार से हमला कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार ग्राम राजा की मुढेरी निवासी सत्यनारायण शर्मा ने 4 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 जून की शाम उनका पुत्र श्याम शर्मा और पत्नी ममता शर्मा पड़ोसी से अपनी कुल्हाड़ी मांगने गए थे। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने एक राय होकर लाठी, डंडों एवं तलवार से हमला कर दिया।
मामले में थाना सिरसौद पुलिस ने अपराध क्रमांक 162/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं में प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरसौद उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिंहनिवास ओवरब्रिज के नीचे किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सीताराम कुशवाह, मनोज कुशवाह, दिलीप कुशवाह, स्वदेश कुशवाह एवं विनोद उर्फ देवेन्द्र कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें सर्किल जेल शिवपुरी भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर सहित थाना सिरसौद के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।