बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविरों की श्रृंखला के अंतर्गत जनपद पंचायत खनियाधाना एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, योग तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हरिभान सिंह लोधी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोगराज मीणा, बीआरसी संजय भदौरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी प्रियंका बुनकर तथा संवाद मित्र राजेश देव पांडे उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और योग के महत्व से अवगत कराया तथा समाज में जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका की सराहना की।
भाषण प्रतियोगिता में गूंजे जागरूकता के संदेश
भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ और स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कु. हर्षिता जैन (आचार्य विद्यासागर पब्लिक स्कूल) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
चित्रों में दिखी कल्पनाशीलता और सामाजिक संदेश
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से प्रकृति, जल संरक्षण, स्वच्छता और योग का सुंदर चित्रण किया। प्रतियोगिता में विशाखा सिकरवार ने प्रथम, अश्विनी नामदेव ने द्वितीय तथा अमृता लोधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा माही अहिरवार एवं राशि नामदेव को भी उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और अन्य जनहितकारी अभियानों से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों की रचनात्मकता और जागरूकता ने यह साबित कर दिया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की सबसे मजबूत शुरुआत नई पीढ़ी से होती है।