सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

Nikk Pandit
0
🎥 250 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचे आरोपी, सोने-चांदी के आभूषण बरामद

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के दम पर इस सनसनीखेज नकबजनी का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान भी बरामद कर लिया है।

परिवार शोक में था, चोरों ने उठा लिया फायदा
जानकारी के अनुसार 14 मई को माउंट रोड निवासी एक परिवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि परिवार के एक सदस्य की गंभीर बीमारी और निधन के कारण पूरा परिवार घर से बाहर था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी तथा तिजोरी में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।

250 CCTV कैमरों ने खोला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई दिनों तक चले तकनीकी विश्लेषण और फुटेज की बारीकी से जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने 30 मई को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कासिफ खान (19) निवासी टोंक रिसाला बस्ती, जालूपुरा जयपुर तथा ऐजास उर्फ मोटा (24) निवासी टोंक, वर्तमान निवासी शिवपुरी के रूप में हुई है।

चोरी का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी की थाली, कटोरी, बगड़ी, लेडीज ब्रेसलेट, चांदी का नारियल और 40 घुंघरू बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पहले से अपराधी है ऐजास उर्फ मोटा

पुलिस जांच में सामने आया है कि ऐजास उर्फ मोटा कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, लूट और पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस की बड़ी सफलता

250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के चलते आखिरकार चोरी का खुलासा हो गया। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)