खरीफ सीजन में खाद की किल्लत नहीं होने देगा प्रशासन

Nikk Pandit
0
थोक उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक पर रहेगी कड़ी नजर, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश 

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिले के थोक उर्वरक विक्रेताओं के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष निरीक्षण दलों का गठन किया गया है।

प्रशासन को प्राप्त फीडबैक में सामने आया है कि कई स्थानों पर थोक विक्रेताओं के पास पर्याप्त उर्वरक स्टॉक मौजूद होने के बावजूद वह उनकी थोक आईडी में होल्ड रहने के कारण किसानों को ऑनलाइन बुकिंग के समय खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इस स्थिति को देखते हुए निर्देश जारी किए गए हैं कि उपलब्ध स्टॉक को तत्काल रिटेल आईडी में ट्रांसफर किया जाए या अन्य सक्रिय खुदरा विक्रेताओं को उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को स्थानीय स्तर पर समय पर उर्वरक मिल सके।

गठित किए गए विशेष निरीक्षण दल

प्रशासन द्वारा गठित दलों में संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी और पटवारी शामिल रहेंगे। यह दल जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का भौतिक निरीक्षण कर वास्तविक स्टॉक का ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान करेंगे।

निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि थोक विक्रेताओं के पास उपलब्ध उर्वरक स्टॉक तत्काल ऑनलाइन माध्यम से खुदरा विक्रेताओं तक पहुंचे, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

ई-विकास प्रणाली पर रहेगी नजर

प्रशासन ने ई-विकास प्रणाली के माध्यम से प्रतिदिन होने वाली उर्वरक बुकिंग और स्टॉक की स्थिति पर भी नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि किसानों को खाद वितरण में किसी भी स्तर पर बाधा नहीं आनी चाहिए।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)