बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद राजावत के मार्गदर्शन में नगर पालिका की टीम लगातार विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही है।
अभियान के तहत नगर पालिका की टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की। इस दौरान कई आवारा कुत्तों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर निर्धारित स्थानों पर भेजा गया।
नगर पालिका प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर विशेष रूप से स्कूलों, अस्पतालों, पार्कों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। इन क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद राजावत ने बताया कि नगर पालिका नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आवारा कुत्तों को पकड़ने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जहां से शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या होने पर तत्काल नगर पालिका को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और आमजन की सुरक्षा बनी रहे।