वर्षाकाल से पहले नगर पालिका का विशेष स्वच्छता अभियान तेज, विभिन्न वार्डों में नालियों और डंप स्थलों की हुई सफाई

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर आगामी वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा शहर में विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं एसडीएम व प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद राजावत के मार्गदर्शन में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और जलभराव की समस्या रोकने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में व्यापक सफाई कार्य कराया जा रहा है।

अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 26, पुरानी शिवपुरी क्षेत्र, तारकेश्वरी कॉलोनी एवं विष्णु मंदिर रोड पर नालियों तथा डंप स्थलों की विशेष सफाई कराई गई। सफाई अमले ने जमा कचरे और गंदगी को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 23 में नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 21 एवं 22 में डंप स्थलों और नालियों की व्यापक सफाई कर अवरोधों को हटाया गया, जिससे बारिश के दौरान पानी निकासी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नगर पालिका की टीम ने पार्षद एम.डी. गुर्जर के निवास के आसपास क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाते हुए झाड़ू लगवाई। साथ ही वार्ड क्रमांक 36 के करौंदी क्षेत्र स्थित आम वाले हनुमान मंदिर परिसर में भी विशेष सफाई कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 3 एवं जाटव मोहल्ला क्षेत्र में नालियों की सफाई कराई गई, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद राजावत ने बताया कि वर्षाकाल को देखते हुए शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)