ज्ञान भारतम् मिशन: शिवपुरी में शुरू हुआ प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटलीकरण का अभियान

Nikk Pandit
0

मंदिरों, आश्रमों, पुस्तकालयों और निजी संस्थानों में सुरक्षित हस्तलिखित धरोहरों की होगी पहचान

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में शिवपुरी जिले में ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में उपलब्ध प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत निजी शोध संस्थानों, महाविद्यालयों, ग्रंथालयों, मंदिरों, मठ-आश्रमों तथा निजी ट्रस्टों में सुरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों की खोज की जा रही है। प्राप्त जानकारी को ज्ञान भारतम् एप पर अपलोड कर एक व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।

कलेक्टर ने गठित की जिला स्तरीय समिति

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि प्राचीन पांडुलिपियों और हस्तलिखित दस्तावेजों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत और भारतीय ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों का उल्लेख करते हुए इन पांडुलिपियों को "भारत की आत्मा का महत्वपूर्ण अध्याय" बताया।

जिलेभर में चल रहा सर्वेक्षण कार्य

अभियान के तहत पुस्तकालयों, मंदिरों, आश्रमों, निजी संस्थानों और ट्रस्टों में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। साथ ही उनके संरक्षण और डिजिटलीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस अमूल्य धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।

नागरिकों से सहयोग की अपील

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके पास कोई प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपि, धार्मिक ग्रंथ, ऐतिहासिक दस्तावेज या दुर्लभ हस्तलिखित सामग्री सुरक्षित है, तो उसकी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं और इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनें।

पांडुलिपियों से संबंधित जानकारी देने के लिए इच्छुक नागरिक डिप्टी कलेक्टर मोतीलाल अहिरवार के कार्यालय, कलेक्ट्रेट शिवपुरी में संपर्क कर सकते हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)