बंटी शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी में अनुसूचित जाति कन्या पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में छात्राओं द्वारा उठाई गई समस्याओं पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा ने शनिवार को छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं से सीधे संवाद किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिकायतों की जांच में लापरवाही सामने आने पर अधीक्षिका प्रीति सूर्येश को तत्काल प्रभाव से प्रभार से मुक्त कर दिया गया।
छात्राओं ने हाल ही में जनसुनवाई में छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच दल की रिपोर्ट में व्यवस्थागत कमियां और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।
व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नई अधीक्षिका को सौंपा गया प्रभार
छात्रावास की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अनीता तिग्गा को नया प्रभार सौंपा गया है। साथ ही जनजातीय कार्य विभाग द्वारा छात्राओं की आवश्यक सुविधाओं में सुधार की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
छात्राओं ने जताया आभार
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने कलेक्टर अर्पित वर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है, जिससे छात्रावास का माहौल और व्यवस्थाएं बेहतर हुई हैं। छात्राओं ने उम्मीद जताई कि अब उन्हें बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि "छात्र-छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"