बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के अछरौनी गांव में आम तोड़ने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में खनियाधाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को ग्राम अछरौनी निवासी खुमनिया प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके देवर सिरनाम प्रजापति, भतीजे राहुल प्रजापति और लुक्का उर्फ सोनसिंह प्रजापति ने शामलाती आम के पेड़ से आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान लाठी से हमला किए जाने पर खुमनिया प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इलाज के दौरान खुमनिया प्रजापति की ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में मौत हो जाने पर प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सिरनाम प्रजापति (52 वर्ष) और लुक्का उर्फ सोनसिंह उर्फ सोहनसिंह प्रजापति (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उन्हें उपजेल पिछोर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में खनियाधाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की विवेचना अभी जारी है।