खोड़ की राशन दुकान पर प्रभारी मंत्री का औचक निरीक्षण, बोले- राशन वितरण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रविवार को खोड़ ग्राम पंचायत स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर और निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा भी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने खाद्यान्न वितरण केंद्र के स्टॉक रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया और पीओएस मशीन के माध्यम से किए जा रहे वितरण की प्रक्रिया की जांच की। उन्होंने यह भी देखा कि राशन वितरण शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार हो रहा है या नहीं।

प्रभारी मंत्री ने केंद्र पर उपलब्ध खाद्यान्न की गुणवत्ता भी स्वयं जांची। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए।

मंत्री श्री तोमर ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को बिना किसी परेशानी के समय पर राशन मिले। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाए और राशन वितरण प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और दुकान संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी राशन दुकानों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी हितग्राही को खाद्यान्न प्राप्त करने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)