बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शिवपुरी जिले में "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम के तहत विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक योग के प्रति लोगों में उत्साह देखने को मिला। हजारों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
जिला मुख्यालय स्थित तात्या टोपे खेल परिसर (पोलो ग्राउंड) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रहलाद भारती और एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
वहीं खोड़ स्थित प्रसिद्ध धार महादेव मंदिर प्रांगण में भी भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन और भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने योगाभ्यास किया।
योग कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जनचौपाल लगाकर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पानी और अन्य स्थानीय समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन जीने की राह दिखा रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है।
उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और जीवन को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।