बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल के तबादले को लेकर क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और एसडीएम के स्थानांतरण आदेश को निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी करैरा तहसील कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अनुराग निंगवाल के कार्यकाल में आम जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान हुआ। उनके कार्यों से प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ था।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई से बनी थी पहचान
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एसडीएम अनुराग निंगवाल ने भू-माफियाओं, अवैध उत्खनन और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। यही वजह है कि क्षेत्र की आम जनता उनके कार्यकाल से संतुष्ट थी और उनके तबादले की खबर से लोगों में नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान लगे विधायक विरोधी नारे
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने करैरा विधायक रमेश खटीक के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों ने "विधायक मुर्दाबाद" के नारे लगाए और आरोप लगाया कि यह तबादला जनता की भावनाओं के खिलाफ है।
हालांकि, इस पूरे मामले में विधायक रमेश खटीक की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ट्रांसफर नहीं रुका तो होगा बड़ा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एसडीएम अनुराग निंगवाल का तबादला आदेश वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि बिना किसी ठोस कारण के किए गए इस तबादले को क्षेत्र की जनता स्वीकार नहीं करेगी।