बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले की पोहरी थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 60 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 27 जुलाई 2026 को फरियादी देवेन्द्र कुशवाह (23) पुत्र प्रकाश कुशवाह, निवासी ग्राम जटवारा, थाना पोहरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने नायरा पेट्रोल पंप के पास स्थित उनकी इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर केवल (तार) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई थी। शिकायत के आधार पर पोहरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर 28 जुलाई 2026 को राजा विश्वकर्मा (24) पुत्र राजेन्द्र विश्वकर्मा, निवासी संजय कॉलोनी, शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने दो साथियों विजय कल्हार और लक्ष्मण कल्हार के साथ मिलकर 16-17 जुलाई की दरमियानी रात इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़ा था। तीनों आरोपी अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक MP33MS7067) से मौके पर पहुंचे थे और चोरी के बाद केवल (तार) को सफेद रंग की बोरी में भरकर गौशाला के पास पिपरघार की पुलिया के नीचे छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पुलिया के नीचे छिपाकर रखी गई सफेद बोरी से चोरी गया केवल (तार) जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बरामद कर लिया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए है, भी जब्त कर ली गई। इस तरह पुलिस ने कुल 60 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी राजा विश्वकर्मा को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों विजय कल्हार और लक्ष्मण कल्हार की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक हृदेश पाराशर, आरक्षक रामनाथ रावत, मुनेश धाकड़, चंद्रभान रावत और अरविंद कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।