कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के 5 आरोपी गिरफ्तार, 300 क्वार्टर अवैध शराब के साथ तस्कर भी दबोचा

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए एक ओर हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं दूसरी ओर 27 हजार रुपये कीमत की 300 क्वार्टर देशी शराब के साथ एक शराब तस्कर को भी दबोच लिया। दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

पहली कार्रवाई हत्या के प्रयास के मामले से जुड़ी है।

पुलिस के अनुसार फरियादी अतुल पुत्र देवेंद्र सिंह तोमर की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 689/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप था कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी तथा हत्या का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले, नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे एवं थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।

लगातार दबिश के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों दिनेश पुत्र केशव कुशवाह (40 वर्ष), अतुल पुत्र दिनेश कुशवाह (32 वर्ष), गगन पुत्र रमेश कुशवाह (24 वर्ष), बंटी पुत्र रमेश कुशवाह (20 वर्ष) सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इसी दिन कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि फॉरेस्ट नाका क्षेत्र में एक युवक भारी मात्रा में देशी शराब बेचने की तैयारी में है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शाहिद पुत्र अकरम खान (23 वर्ष), निवासी कोलारस, हाल लुधावली, थाना देहात शिवपुरी को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6 पेटियों में रखे 300 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी शराब परिवहन एवं बिक्री का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया तथा उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, गंभीर अपराध, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इन दोनों सफल कार्रवाइयों में थाना प्रभारी रोहित दुबे, उप निरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह राजावत, सुमित शर्मा, अरविंद छारी, प्रवीण त्रिवेदी तथा आरक्षक राहुल कुमार, जितेंद्र रावत, मुकेश वर्मा, लोकेन्द्र, दर्शन सिंह, देवेंद्र रावत, सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

एक ही दिन में हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में अवैध शराब की जब्ती से कोतवाली पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)