बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए शिवपुरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना इंदार पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस श्री संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना इंदार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध कच्ची शराब के साथ मौजूद है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रितेश यादव पुत्र रूपेश यादव (21 वर्ष), निवासी ग्राम इमलावदी, थाना इंदार, जिला शिवपुरी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की तथा उसे माननीय न्यायालय कोलारस में पेश किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी अवैध शराब से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक यादव, प्रधान आरक्षक वहीद खान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सिंह जाट, प्रधान आरक्षक हरिसिंह, प्रधान आरक्षक भंगू भिलाला एवं आरक्षक आनंद भार्गव की सराहनीय भूमिका रही।
शिवपुरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में लिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।