बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना पुलिस ने महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम के माध्यम से की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को एक महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 मई 2026 को वह अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी मंगल राठौर उसके घर में जबरन घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 414/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(2) एवं 64(1) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
महिला संबंधी गंभीर अपराध को देखते हुए मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान 18 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी मनियर पार्क के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की विधिवत गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करना विभाग की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए विवेचना भी तेजी से पूरी की जाएगी।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे, उपनिरीक्षक पूजा घुरैया, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र चौहान, आरक्षक दीपक तिवारी, आरक्षक दर्शन सिंह तथा आरक्षक बृजेन्द्र रावत की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा सकें।