शिवपुरी में चोरों का आतंक: एक ही रात में दो दुकानों के ताले तोड़े, नकदी सहित हजारों का सामान चोरी

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:जिले के कोलारस कस्बे में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने पुराने पुल के पास स्थित दो दुकानों को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर नकदी और हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। सुबह जब दुकान संचालक अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पहली चोरी पुराने पुल के पास जगतपुर रोड स्थित एक पंचर दुकान में हुई। दुकान संचालक ईरशाद खान (40) ने बताया कि वह 17 जुलाई की शाम करीब 7 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे जब वह अपने साथी रज्जाक के साथ दुकान पहुंचे तो गुमटी का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई जरूरी सामान गायब थे।

ईरशाद खान के अनुसार चोर दुकान से करीब 30 मोटरसाइकिल ट्यूब, दो पैकेट राजश्री, कई सिगरेट के पैकेट तथा लगभग 700 रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत कोलारस थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

इसी रात चोरों ने पुराने पुल के पास स्थित एक इलेक्ट्रिक स्टॉल को भी निशाना बनाया। दुकान संचालक सतीश जाटव (22) ने बताया कि वह पंखे, कूलर और पानी की मोटरों की मरम्मत का कार्य करते हैं। उनके यहां ग्राहक अपने उपकरण मरम्मत के लिए छोड़कर जाते हैं। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का एक ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान से मरम्मत के लिए आई 2 एचपी की पानी की मोटर गायब थी। इसके अलावा करीब 7 किलो तांबे का तार भी चोर अपने साथ ले गए।

सतीश जाटव ने बताया कि चोरी हुई मोटर शेरपुरा निवासी एक ग्राहक की थी, जिसे मरम्मत के लिए दुकान पर रखा गया था। चोरी की घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ ग्राहक के सामने जवाबदेही की भी चिंता है। उन्होंने भी कोलारस थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

लगातार एक ही रात में दो दुकानों में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ सकती हैं। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

कोलारस थाना पुलिस ने दोनों मामलों में आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल दोनों चोरी की घटनाओं ने कोलारस कस्बे के व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)