बारिश के बीच भी नहीं थमा 'मिशन क्लीन शिवपुरी', नगर पालिका ने शहरभर में चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान; नालों की सफाई से लेकर कचरा उठाव तक हुई त्वरित कार्रवाई

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर वर्षाकाल के दौरान शहर को जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा संचालित 'मिशन क्लीन शिवपुरी' लगातार गति पकड़ रहा है। सोमवार को भी अभियान पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर पालिका के स्वच्छता अमले ने शहर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख मार्गों, नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर एक साथ व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान नालियों की सफाई, कचरा एवं मलबा हटाने, सड़कों पर झाड़ू लगाने, डिवाइडरों की सफाई तथा पेड़ों की कटाई-छंटाई जैसे कार्य युद्धस्तर पर किए गए।

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति को रोकना और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 स्थित गौशाला क्षेत्र में नालियों की गहन सफाई कराई गई। यहां जमा गाद, कचरा और मलबा हटाकर जल निकासी को सुचारु बनाया गया। साथ ही क्षेत्र में बने कचरे के डंप भी हटाए गए, जिससे आसपास का वातावरण स्वच्छ और साफ दिखाई दिया।

इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 14 की माधव विहार कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 27, वार्ड क्रमांक 29 की बाते मिस्त्री वाली गली तथा वार्ड क्रमांक 39 ठकुरपुरा में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इन क्षेत्रों की नालियों में जमा कीचड़ और मलबे को तत्काल हटाकर जल निकासी को व्यवस्थित किया गया। ठकुरपुरा क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर गलियों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों की भी व्यापक सफाई की, जिससे क्षेत्र के रहवासियों को राहत मिली।

केवल वार्डों तक ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख मार्गों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। थीम रोड की संपूर्ण सफाई कराई गई, जहां डिवाइडरों पर उगी खरपतवार हटाई गई और पौधों की कटाई-छंटाई कर सड़क को व्यवस्थित स्वरूप दिया गया। इसके अलावा डिवाइडरों की सफाई कर सड़क की सुंदरता भी बढ़ाई गई।

नगर पालिका के स्वच्छता अमले ने राजेश्वरी रोड से पोहरी बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, नक्षत्र गार्डन, कलेक्टर बंगला रोड, कोर्ट परिसर के आसपास, दो बत्ती चौराहे से छतरी रोड, दो बत्ती चौराहे से विष्णु मंदिर रोड, घोड़ा चौराहा से फतेहपुर कलारी, ग्वालियर बायपास से नक्षत्र गार्डन तथा करौंदी सम मेल से पारस होटल तक दोनों ओर सड़क किनारे झाड़ू लगाकर व्यापक सफाई की। साथ ही सड़कों पर फैले कचरे और मलबे का तत्काल उठाव कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने स्वच्छता अमले को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वर्षाकाल के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नालियों की नियमित सफाई, कचरे का समय पर उठाव और मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन स्वच्छता अभियान चलाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र की सफाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए।

श्री राठौर ने कहा कि नागरिकों की सुविधा, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।

नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में नालियां जाम हों या सफाई संबंधी समस्या हो तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

नगर पालिका का कहना है कि 'मिशन क्लीन शिवपुरी' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने का सतत प्रयास है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान शहर के सभी वार्डों, कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों पर निरंतर जारी रहेगा, ताकि बारिश के मौसम में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और शिवपुरी एक स्वच्छ एवं सुरक्षित शहर के रूप में विकसित हो सके।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)